

अगर आप डीजल कार खरीदना चाहते हैं, तो देर न करें क्योंकि बजट के बाद डीजल कारों की कीमतों में भारी बढ़ोतरी हो सकती है। दरअसल, पेट्रोलियम मिनिस्टर एस.जयपाल रेड्डी ने वित्तमंत्री प्रणव मुखर्जी को अगले आम बजट में डीजल गाड़ियों पर अलग से 80 हजार रुपये की एक्साइज ड्यूटी लगाने का प्रस्ताव दिया है। अगर वित्त मंत्री उनकी बातों को मान लेते हैं, तो डीजल कारों की कीमतें काफी बढ़ जाएंगी। बजट से पहले वित्त मंत्री प्रणव मुखर्जी के साथ हुई मीटिंग में रेड्डी ने तेल और गैस क्षेत्र में खोज में लगीं कंपनियों को अगले 10 सालों तक टैक्स से छूट देने की भी इच्छा जाहिर की। उन्होंने रिफाइनरीज को जहाजों के जरिए गैस आयात करने पर इम्पोर्ट ड्यूटी में 5 फीसदी कटौती करने की मांग की। डीजल कारों पर अलग से एक्साइज ड्यूटी लगाने की बात 2008-09 से ही तेल मंत्रालय के जेहन में था, लेकिन बात आगे नहीं बढ़ सकी। ऐसा माना जा रहा था कि इस तरह की ड्यूटी से मिलने वाली रकम से सरकार की तेल सब्सिडी पर बहुत अंतर नहीं पड़ेगा। लेकिन इस बार पेट्रोलियम मिनिस्टर ने वित्त मंत्री के साथ औपचारिक बैठक में इस मुद्दा को प्रमुखता से उठाया और उन्हें इस आशय का प्रस्ताव दिया।